back to top
Sunday, May 3, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड रजत जयंती पीएम मोदी आज देंगे 8260 करोड़ की सौगात

उत्तराखंड रजत जयंती पीएम मोदी आज देंगे 8260 करोड़ की सौगात

देहरादून : उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ यानी रजत जयंती के भव्य समारोह में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देहरादून पहुंच रहे हैं। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पीएम 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि सीधे हस्तांतरित करेंगे।

कार्यक्रम का समय-सारणी

  • सुबह 11:30 बजे: पीएम का एफआरआई पहुंचना.
  • 11:45 बजे: विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण.
  • 12:05 बजे: विभिन्न हितधारकों से संवाद.
  • 12:30 बजे: रजत जयंती समारोह में भागीदारी, स्मारक डाक टिकट जारी करना एवं जनसमूह को संबोधन.

प्रमुख परियोजनाएं

प्रधानमंत्री जल-क्षेत्र से जुड़ी दो बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे:

  1. सौंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून) – शहर को 150 एमएलडी पेयजल उपलब्ध कराएगी।
  2. जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना (नैनीताल) – पेयजल, सिंचाई और बिजली उत्पादन में सहायक।

इसके अलावा विद्युत सबस्टेशन, चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय, नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र, अमृत योजना के तहत देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान आदि परियोजनाएं शामिल हैं। ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों को मजबूत करेंगी।

पीएम मोदी की शुभकामनाएं

सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री ने लिखा, “उत्तराखंड की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर राज्य के मेरे सभी भाई-बहनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति की गोद में बसी हमारी यह देवभूमि आज पर्यटन के साथ-साथ हर क्षेत्र में प्रगति की नई रफ्तार भर रही है। प्रदेश के इस विशेष अवसर पर मैं यहां के विनम्र, कर्मठ और देवतुल्य लोगों की सुख-समृद्धि, सौभाग्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”

सीएम धामी ने जताया आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम की शुभकामनाओं पर जवाब देते हुए लिखा, “उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर आपकी स्नेहपूर्ण शुभकामनाओं एवं आशीर्वाद के लिए समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार। आपके दूरदर्शी नेतृत्व और सतत मार्गदर्शन में उत्तराखंड अपनी विकास यात्रा में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर रहा है। आपकी प्रेरणा से उत्तराखंड ने अग्रणी राज्यों की श्रेणी में शामिल होकर सुशासन, जनकल्याण और सर्वांगीण विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। आपका सान्निध्य हमें सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रेरित करता है।”

शहर तैयार, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

प्रधानमंत्री के स्वागत में पूरा दून सजाया गया है। जगह-जगह होर्डिंग्स और बैनर लगाए गए हैं। एफआरआई परिसर को जीरो जोन घोषित कर दिया गया है। शहर में यातायात के लिए व्यापक रूट डायवर्शन किया गया है। पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो। उत्तराखंड की रजत जयंती और पीएम के आगमन ने पूरे राज्य में उत्साह का माहौल बना दिया है। देवभूमि आज विकास के नए अध्याय की गवाह बनेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments