back to top
Friday, August 14, 2026
Homeउत्तराखंडस्वतंत्रता दिवस से पहले प्रेमनगर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, सहारनपुर का गैंगस्टर रईस...

स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रेमनगर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की देर रात दरू चौक के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों की फायरिंग में सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रईस के दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।

मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की बाइक, चापड़, कुल्हाड़ी, दो चाकू और नायलॉन की रस्सी बरामद की है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस आरोपियों की गतिविधियों की जांच कर रही है।

गोकशी के मामले में वांछित था रईस

पुलिस के अनुसार, घायल रईस प्रेमनगर क्षेत्र में करीब दो वर्ष पहले दर्ज गोकशी के एक मामले में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पूछताछ में रईस ने कथित तौर पर बताया कि वह गोकशी के लिए टी-स्टेट क्षेत्र में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी करता था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथी नवाब के बारे में जानकारी जुटा रही है। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने शहर और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग बढ़ा दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments