back to top
Tuesday, September 15, 2026
Homeउत्तराखंडछत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को देखेंगे उत्तराखंड के पत्रकार: PIB देहरादून के...

छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल को देखेंगे उत्तराखंड के पत्रकार: PIB देहरादून के 5 दिवसीय प्रेस टूर की रायपुर से शुरुआत

देहरादून। छत्तीसगढ़ में उत्तराखंड के पत्रकारों का पांच दिवसीय मीडिया एक्सपोजर टूर सोमवार से शुरू हो गया। इस दौरे के लिए 11 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल देहरादून से रायपुर पहुंचा है। यह कार्यक्रम प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) देहरादून की ओर से आयोजित किया जा रहा है।

दौरे के दौरान पत्रकार छत्तीसगढ़ में अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और संस्थानों का जायजा लेंगे। कार्यक्रम में बिलासपुर स्थित एसईसीएल, कोरबा के एनटीपीसी और बीएएलसीओ (BALCO) के साथ 40 किलोवाट सौर परियोजना का दौरा शामिल है।मीडिया दल जनजातीय संग्रहालय और सिरपुर भी जाएगा। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों के साथ संवाद का कार्यक्रम रखा गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट भी इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का हिस्सा है।

इस एक्सपोजर टूर के जरिए पत्रकारों को ऊर्जा, खनन, सौर ऊर्जा और जनजातीय विकास से जुड़े कामों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। संबंधित परियोजनाओं और संस्थानों में जाकर पत्रकार वहां की गतिविधियों, कामकाज और विकास से जुड़े पहलुओं की जानकारी लेंगे।

PIB देहरादून की ओर से आयोजित इन दौरों का एक अहम मकसद मीडिया प्रतिनिधियों को विकास परियोजनाओं की जमीनी तस्वीर से परिचित कराना है। इससे पत्रकारों को सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी सीधे मौके पर हासिल करने तथा उनके असर को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिलता है।

प्रेस टूर के कंडक्टिंग ऑफिसर संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि ऐसे अध्ययन भ्रमण क्षेत्रीय मीडिया को राष्ट्रीय स्तर की विकास गतिविधियों से जोड़ने में मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान पत्रकारों को विभिन्न परियोजनाओं, तकनीकी संस्थानों और विकास कार्यों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलेगी।

सुंद्रियाल के मुताबिक, इस तरह के एक्सपोजर टूर से पत्रकारों को तकनीकी प्रगति और नए प्रयोगों को नजदीक से समझने का अवसर मिलता है। इससे वे अपने पाठकों तक विकास कार्यों से जुड़ी अधिक सटीक और प्रमाणिक जानकारी पहुंचा सकते हैं।

PIB देहरादून इससे पहले हैदराबाद, ओडिशा और विशाखापट्टनम के लिए भी ऐसे प्रेस टूर आयोजित कर चुका है। छत्तीसगढ़ का मौजूदा दौरा भी इसी पहल के तहत किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments