मुंबई: मुंबई के कोलाबा इलाके में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। FDA ने 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। कार्रवाई में प्रसिद्ध बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब, मैकडॉनल्ड्स का फैमिली रेस्टोरेंट कियोस्क, स्टेटस रेस्टोरेंट और खार जिमखाना समेत कई प्रतिष्ठान शामिल हैं।
FDA की यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, कीट नियंत्रण, खाद्य पदार्थों के भंडारण और रसोई की साफ-सफाई में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद की गई है। कार्रवाई FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
McDonald’s कियोस्क में मिले कॉकरोच
कुलाबा के मेट्रो हाउस में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मैकडॉनल्ड्स फैमिली रेस्टोरेंट कियोस्क की जांच के दौरान FDA अधिकारियों को स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां मिलीं। निरीक्षण में जिंदा कॉकरोच पाए जाने के साथ खाद्य पदार्थों के भंडारण में भी नियमों का पालन नहीं किया गया था।
इन खामियों को गंभीर मानते हुए FDA ने कियोस्क का खाद्य लाइसेंस 19 अगस्त से निलंबित कर दिया। लाइसेंस निलंबन की अवधि में वहां खाद्य पदार्थों का उत्पादन, बिक्री और वितरण बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रेडियो क्लब की रसोई में भी गंभीर खामियां
कुलाबा स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब की जांच में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। अधिकारियों को खुले बर्तनों और खाद्य पदार्थों के आसपास मक्खियां, मरे हुए कॉकरोच और कॉकरोच पकड़ने वाले ट्रैप मिले।
इसके अलावा खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले क्षेत्र की छत का प्लास्टर खराब हालत में पाया गया। खाद्य सामग्री के आसपास रसायनों का रखा होना भी खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत पाया गया। इन खामियों के चलते क्लब का खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
21 अगस्त को 13 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
FDA के अनुसार, 21 अगस्त को की गई कार्रवाई के तहत कुल 13 खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कदम उठाए गए। इनमें कोलाबा के कई प्रमुख रेस्टोरेंट और क्लब के साथ खार जिमखाना भी शामिल है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रतिष्ठान की पहचान या प्रतिष्ठा को देखते हुए कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
3,137 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 165 लाइसेंस निलंबित
FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज किया गया है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 25 मई से 31 जुलाई के बीच 3,137 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 165 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
जांच के दौरान असुरक्षित और मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थों को जब्त करने तथा नष्ट करने की कार्रवाई भी की गई।
FDA की ताजा कार्रवाई के बाद मुंबई के होटल, रेस्टोरेंट और क्लब संचालकों में हलचल है। विभाग ने साफ संकेत दिया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, किचन की स्वच्छता, कीट नियंत्रण और सुरक्षित भंडारण में लापरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

