back to top
Saturday, October 3, 2026
Homeउत्तराखंडजंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, 11 मेट्रो स्टेशनों पर...

जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, 11 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार को 11 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिया। हालांकि, कुछ स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा जारी रखी गई है।

डीएमआरसी के अनुसार, अगली सूचना तक जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली और रामकृष्ण आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।

हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई है। डीएमआरसी ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय इस व्यवस्था का ध्यान रखने को कहा है।

जंतर-मंतर के आसपास बैरिकेडिंग

प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने प्रदर्शन स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड लगाए हैं और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है।

गुरुवार से ही जंतर-मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर आवाजाही को लेकर सख्ती देखी गई। जनपथ की ओर से आने वाले मार्ग को भी बंद किया गया है और पैदल आने वाले लोगों को भी बैरिकेडिंग के आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। आम आदमी पार्टी और विभिन्न छात्र संगठनों की ओर से प्रदर्शन में लोगों को जुटाने की तैयारी की गई है।

वामपंथी छात्र एवं युवा संगठनों स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (DYFI) ने भी जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की घोषणा की है। संगठनों की ओर से दावा किया गया है कि प्रस्तावित मार्च के लिए अनुमति नहीं मिली है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों के मार्च में शामिल होने की बात कही गई है। आयोजकों के अनुसार, करीब 1,500 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रदर्शन और मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मेट्रो संचालन पर भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments