back to top
Monday, September 14, 2026
Homeउत्तराखंडचारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख से...

चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख से अधिक श्रद्धालु, यमुनोत्री में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7 लाख पार

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में यात्रा प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं के बीच गंगोत्री धाम में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यात्रा के इतिहास में पहली बार गंगोत्री धाम में 7 लाख 84 हजार 321 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7 लाख 03 हजार 302 पहुंच गई है।

चारधाम यात्रा के 147 दिनों में, 12 सितंबर तक कुल 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 45 लाख 09 हजार 324 थी। यानी इस वर्ष अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं। यात्रा के लिए अभी लगभग दो महीने का समय शेष है, ऐसे में यात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

गंगोत्री में टूटा पुराना रिकॉर्ड

गंगोत्री धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नया इतिहास रचा है। अब तक 7,84,321 श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। इससे पहले वर्ष 2022 में 7,81,961, वर्ष 2023 में 7,12,749 और वर्ष 2025 में 7,58,249 श्रद्धालु गंगोत्री पहुंचे थे। इस बार इन सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बना है।

यमुनोत्री में भी सात लाख पार

यमुनोत्री धाम में भी तीर्थयात्रियों का उत्साह लगातार बना हुआ है। वर्ष 2025 में यहां सर्वाधिक 6,44,637 श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि इस वर्ष अब तक 7,03,302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं।

बद्रीनाथ यात्रा भी रिकॉर्ड की ओर

भगवान बद्रीविशाल की यात्रा भी नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ यात्रा ने 12 सितंबर को 143 दिन पूरे किए। इस अवधि में 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 13 लाख 82 हजार 845 थी। इस तरह इस वर्ष अब तक 3 लाख 45 हजार 733 अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे हैं।

वहीं, श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा में भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। इस वर्ष यहां अब तक 3 लाख 19 हजार 135 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

सुरक्षा और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों और धामों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments