back to top
Tuesday, September 22, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड : लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, खंगाले 1100...

उत्तराखंड : लाखों की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, खंगाले 1100 से अधिक CCTV कैमरे

नरेंद्रनगर। जन्माष्टमी के दिन नरेंद्रनगर के दीवान लॉज में राजपाल सिंह के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, विगत 4 फरवरी को जन्माष्टमी के अवसर पर राजपाल सिंह का परिवार मंदिर में पूजा-अर्चना करने गया था। इसी दौरान करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच चोरों ने उनके मकान के चैनल गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने लॉकर और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपये थी।

चोरी की घटना का पता उस समय चला जब मकान का गेट खुला होने के कारण बंदर घर के अंदर घुस गए। पड़ोसियों की नजर बंदरों पर पड़ी तो उन्होंने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। घर पहुंचने पर परिवार के लोगों ने सामान अस्त-व्यस्त देखा और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 1100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को ऋषिकेश के नटराज चौक के पास खड़ा किया था और वहां से फरार हो गए थे। पुलिस लगातार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी क्रम में 20 सितंबर को आरोपी उक्त मोटरसाइकिल को लेने के लिए नटराज चौक पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर शाहनवाज और जाहिद उर्फ अतीक को करीब आठ बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों में पीली धातु का गले का हार, एक जोड़ी कान के सुई-धागा, मांग टीका, महिला की अंगूठी, नाक की नथ, तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के झुमके और एक जोड़ी कान के कुंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल, वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई लाल रंग की टोपी और काली रंग की शर्ट भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक चोरी का कुछ सामान मामले में फरार तीसरे आरोपी रफीक के पास है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना

लाखों रुपये की चोरी का खुलासा होने और दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, अपर पुलिस अधीक्षक, नरेंद्रनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेंद्र सिंह भंडारी, थाना अध्यक्ष देवराज शर्मा, एसआई शांति प्रसाद डिमरी सहित पूरी पुलिस टीम का आभार जताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments