back to top
Wednesday, September 2, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में बारिश का कहर: मौसम विभाग का अलर्ट जारी, इन...

उत्तराखंड में बारिश का कहर: मौसम विभाग का अलर्ट जारी, इन जिलों में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक कई इलाकों में भारी वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। नदियों का जलस्तर बढ़ने, निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण कई मार्ग बाधित हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के शेष जिलों के लिए यलो अलर्ट है।

कुमाऊं में जमकर बरसे बादल

मंगलवार को कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में मूसलधार बारिश हुई। भीमताल में सर्वाधिक 158 मिलीमीटर, नैनीताल में 154, मुक्तेश्वर में 114, धारी में 110 और कोश्याकुटोली में 93 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा झूलाघाट में 75.5, कालाढूंगी में 66.5, बेतालघाट में 61.5 और हल्द्वानी में 48.5 मिलीमीटर वर्षा हुई।

देहरादून में 57 मिलीमीटर, कालसी में 55 और शीतलाखेत में 54.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया है।

देहरादून और हरिद्वार में जलभराव से बढ़ी परेशानी

सोमवार रात देहरादून और हरिद्वार के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। कुछ इलाकों में 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई घरों में पानी और मलबा घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नैनीताल में झील का जलस्तर बढ़ा, कई सड़कें बंद

नैनीताल में लगातार बारिश के बाद नैनी झील से पानी की निकासी की जा रही है। झील के निकासी द्वार 24 घंटे से खुले हैं। जिले में बारिश और भूस्खलन के कारण बड़ी संख्या में सड़कें प्रभावित हुई हैं। ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार को विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी असर

बागेश्वर में रातभर हुई बारिश के बाद कई सड़कें बंद हो गई हैं। जिले में स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं पिथौरागढ़ में भी बारिश का दौर जारी है और करीब 17 मार्गों के बाधित होने की सूचना है। यहां कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों में बुधवार को अवकाश घोषित किया गया है।

पहाड़ों में भूस्खलन से यातायात प्रभावित

लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। इससे मुख्य और ग्रामीण मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर मलबा आने के कारण यातायात रोकना पड़ा है। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित मार्गों को खोलने में जुटे हैं।

आज इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और कुछ स्थानों पर वर्षा के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की आशंका है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी बारिश और गरज-चमक को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों, गदेरों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments