back to top
Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड : मेहंदी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, महिला गंभीर...

उत्तराखंड : मेहंदी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली, महिला गंभीर घायल

देहरादून: जश्न के बीच लापरवाही ने एक महिला की जान पर बन आई। रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरू ग्राम में सोमवार रात मेहंदी समारोह के दौरान नाचते हुए एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से समारोह में शामिल एक महिला नीलिमा के पैर में गंभीर चोट आई। उसे फौरन कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी गढ़वाली कॉलोनी, नेहरू ग्राम निवासी कमल कुमार यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताई। उनके घर पर शादी से पहले मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। इसमें शामिल परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी समेत कई लोग नाच रहे थे। लक्ष्मण नेगी ने अपनी कमर में लाइसेंसी पिस्टल रखी हुई थी। नाचते-नाचते पिस्टल से अचानक गोली निकल गई, जो नीलिमा के पैर में लग गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी लक्ष्मण सिंह नेगी को हिरासत में ले लिया और पिस्टल को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया धोखे से गोली चलने की बात सामने आई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिस्टल पहले से लोडेड थी और नाचने के दौरान ट्रिगर दब गया, जिससे फायर हो गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पिस्टल लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

समारोह में गोली चलने से वहां सन्नाटा छा गया। पहले लोगों को समझ नहीं आया कि आवाज किसकी है, लेकिन नीलिमा की चीख सुनकर सबको घटना का पता चला। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। समारोह में छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिससे रिश्तेदारों में भय का माहौल है। पुलिस ने लोगों से हथियारों के साथ जश्न मनाने से बचने की अपील की है और लापरवाही से होने वाली ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments